
इस चुनावी नतीजे का असर ट्रंप की मध्य-पूर्व की नीतियों पर भी पड़ेगा. उपराष्ट्रपति जेडी वेंस पहले ही कह चुके हैं कि ईरान पर हमले के कारण रिपब्लिकन पार्टी की हार हुई है.
ज़ाहिर है कि जेडी वेंस का यह ‘क़बूलनामा’ ट्रंप की विदेश नीति पर भी सवाल खड़े करता है.
अरब के मीडिया में भी रिपब्लिकन पार्टी की हार को इसी रूप में देखा जा रहा है. हालांकि, इस हार के आगे क्या परिणाम होंगे, इसे लेकर अलग-अलग मीडिया संस्थानों के नज़रिये में अंतर है.
कुछ मीडिया संस्थानों ने इसे ट्रंप की राजनीति के ख़िलाफ जनता के स्पष्ट विरोध के तौर पर पेश किया है, जबकि अन्य ने कमज़ोर पड़ती राष्ट्रपति की शक्ति, कांग्रेस के साथ टकराव और मध्य-पूर्व के लिए बढ़ती अनिश्चितता पर ध्यान केंद्रित किया है.
महत्वपूर्ण बात यह है कि हर जगह चुनावी झटके को ट्रंप के राजनीतिक प्रभाव के ख़त्म होने के रूप में नहीं देखा जा रहा है.
यूएई के अंग्रेज़ी अख़बार द नेशनल ने अपने एक आर्टिकल में लिखा है, ”कांग्रेस पर नियंत्रण खोने से ट्रंप की वे राजनीतिक शक्तियां काफ़ी सीमित हो गई हैं, जिनका इस्तेमाल वे अपने कार्यकाल के पहले दो वर्षों में कर रहे थे. उनके राजनीतिक अधिकार और प्रभाव गंभीर रूप से सीमित हो गए हैं.”
द नेशनल ने एक दूसरे विश्लेषण में लिखा है कि ट्रंप को अब डेमोक्रेट्स ईरान युद्ध और मध्य-पूर्व में एकतरफ़ा फ़ैसले नहीं लेने देंगे.
